परीक्षा में सफलता के लिए “11 मंत्र” जारी

admin  7 hours, 58 minutes ago Top Stories

-जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने विद्यार्थियों को दिए उपयोगी सुझाव

PANIPAT AAJKAL , 16 फरवरी–जिला शिक्षा अधिकारी पानीपत राकेश बूरा ने बोर्ड एवं वार्षिक परीक्षाओं के मद्देनज़र विद्यार्थियों के लिए “11 मंत्र” जारी करते हुए उन्हें स्वस्थ दिनचर्या, समय प्रबंधन और उत्तर लेखन की सही तकनीक अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी इन सरल लेकिन प्रभावी उपायों का पालन करें तो वे परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं और तनाव से भी दूर रह सकते हैं।

राकेश बूरा ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि परीक्षा के दौरान हल्का व संतुलित भोजन लें, पर्याप्त नींद लें तथा नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें। उन्होंने सुबह की सैर और प्राणायाम को भी दिनचर्या में शामिल करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे मस्तिष्क पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने कहा कि पेपर से पहले पूरे पाठ्यक्रम का एक बार पुनरावलोकन अवश्य करें और अपनी प्रतिस्पर्धा केवल स्वयं से रखें। पढ़ाई के दौरान “2H” (Head और Hand) के सूत्र को अपनाते हुए मुख्य बिंदुओं को लिखते हुए पढ़ने की आदत विकसित करें। साथ ही पिछले वर्षों के प्रश्न-पत्रों का अभ्यास करने से परीक्षा के पैटर्न को समझने में मदद मिलती है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने यह भी बताया कि परीक्षा के दौरान प्रश्न-पत्र को कम से कम दो बार ध्यानपूर्वक पढ़ें, पहले सरल प्रश्न हल करें और कठिन प्रश्न बाद में करें। उत्तर लिखते समय अंकों के अनुसार विस्तार दें, आवश्यकतानुसार आरेख बनाएं तथा हेडिंग और सब-हेडिंग का प्रयोग करें।

उन्होंने विद्यार्थियों को ओएमआर शीट भरने का अभ्यास करने, उत्तर-पुस्तिका में उचित मार्जिन रखने तथा प्रत्येक उत्तर के बाद दो लाइन का अंतर छोड़ने की भी सलाह दी। साथ ही साफ-सुथरा और स्पष्ट लेखन रखने तथा कटिंग, ओवरराइटिंग और फ्लूड के प्रयोग से बचने के निर्देश दिए।

अंत में राकेश बूरा ने कहा कि विद्यार्थी परीक्षा के अंतिम 10 मिनट अपने उत्तरों की पुनः जाँच के लिए अवश्य रखें ताकि छोटी-छोटी गलतियों को सुधारा जा सके। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने और श्रेष्ठ परिणाम प्राप्त करने की शुभकामनाएं दीं।

img
img